जौनपुर। बारह सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने बैंक शाखाओं के सामने प्रदर्शन किया, जुलूस निकाला और नारे लगाए। दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन जिले में विभिन्न बैंकों की दो सौ से अधिक शाखाओं में ताले लटके रहे। करीब सौ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। नकद निकासी के लिए परेशान लोग एटीएम पर कतार लगाए रहे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बैंक कर्मचारी सिपाह स्थित यूबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां मांगों के समर्थन में नारेबाजी और सभा के बाद एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने पहुंचे। यहां भी जोरदार ढंग से प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभाओं में यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष एसएन जायसवाल ने कहा कि 20 प्रतिशत की वेतन वृद्धि, पांच दिवसीय बैंक का कार्य, पेंशन अपडेशन, पारिवारिक पेंशन सुधार, एनपीएस के बदले पुरानी पेंशन योजना लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। सरकार पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। इस रवैए से क्षुब्ध होकर बैंक कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को विवश होना पड़ा है। जिला मंत्री आरपी सिंह ने कहा कि 29 जनवरी को भारतीय बैंक संघ से 40वें चरण की वार्ता में भी कोई समाधान न निकलने पर देश के करीब 10 लाख से अधिक बैंक कर्मचारियों को दो दिवसीय हड़ताल पर जाना पड़ा है। सरकार के रुख में बदलाव नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में संतोष कुमार, देवांश सिंह, सुरेश, दुष्यंत, सुभाष सिंह, कृष्णा यादव, अशोक शुक्ला, आलोक, आशीष, इंदर, कमलेश मिश्र, सौरभ, वीपी श्रीवास्तव, गौरव, पन्नालाल आदि शामिल रहे।
एटीएम पर जूझते रहे लोग
शादियों के सीजन में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल ने लोगों के लिए मुसीबत बढ़ा दी है। लेन-देन के लिए लोग दिन भर भटकते रहे। नकद निकासी के लिए एटीएम पर भीड़ लगी रही, मगर एटीएम से निकासी की सीमा तय होने के कारण कइयों की जरुरत पूरी नहीं हो पाई। अधिकांश बैंकों के एटीएम हड़ताल के पहले दिन ही खाली हो गए थे। निजी व ग्रामीण बैंकों के हड़ताल से बाहर होने से थोड़ी राहत रही। ज्यादातर लोगों ने इनकी सेवाएं ली।
आज और कल भी रहेगी बंदी
बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल के चलते शनिवार को भी जिले के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद रविवार का अवकाश रहेगा। कुल मिलाकर अब सोमवार को ही बैंक खुलेंगे। हड़ताल के दौरान एटीएम में कैश खत्म होने पर उसे दोबारा भरने की व्यवस्था न होने के चलते कैश की किल्लत से भी लोगों को जूझना पड़ सकता है।
सौ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष एसएन जायसवाल के मुताबिक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से पहले दिन करीब सौ करोड़ रुपये का लेनदेनऔर जिले में तीन क्लीयरिंग हाउस में नकद, नेफ्ट व आरटीजीएस के माध्यम से करीब 70 करोड़ रुपये की जमा-निकासी प्रभावित हुई है। लीड बैंक मैनेजर उदय नारायण ने इससे ज्यादा के कारोबार प्रभावित होने का दावा किया है।