शाहगंज। सुल्तानपुर जनपद के कलान चौराहा स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार की सुबह बाइक सवार को बचाने के चक्कर में लुधियाना पंजाब जा रही बस पलटने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बस में सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।आजमगढ़ से यात्रियों से भरी गिल बस सुबह पंजाब के लुधियाना जा रही थी। जौनपुर की सीमा से महज एक किमी दूर सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कलान चौराहा स्थित काली मंदिर के पास सामने जा रही तेज रफ्तार बाइक को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में आने से बाइक सवार जौनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र के खरतापपुर गांव निवासी सुमित (21) घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बस में सवार घायल दो लोग आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्प नगर निवासी धर्मेंद्र (54) व जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अब्दुलाहपुर गांव निवासी सोचन राजभर (45) को शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखकर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।