जिला अस्पताल में भर्ती झुलसा युवक। संवाद
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिपाह मोहल्ले में बृहस्पतिवार को हाई वोल्टेड ड्रामा हुआ। बलिया निवासी युवक ने एक लड़की को अपनी साली बताते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि साली ने जलते हुए कोयले से उसे जलाने का प्रयास किया। वहीं, आरोपी युवती की बहन भी खुद को डंडे से वार कर बेहोश करने का आरोप लगा रही थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बलिया के राजपूत नेवरी बरगू आश्रम शहर, कोतवाली निवासी संदीप मिश्रा (31) एक जनवरी से शहर कोतवाली क्षेत्र के सिपाह मोहल्ले में रहते थे। उन्होंने मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र की युवती के साथ मंदिर में शादी की थी। उनकी साली किराए के मकान में सिपाह में रहती है, जहां वह पत्नी के साथ पहुंचे थे। दोनों लोग कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थे। विवाहिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार को उसकी बहन ने उसके सिर पर डंडे से मार दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। वहीं, संदीप का आरोप है कि उसकी पत्नी की बहन ने उसके ऊपर जलता हुए कोयला फेंका और जलाकर मारने की कोशिश की। दंपती के आरोप लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही आरोपी युवती को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच में यह बात सामने आई कि वाद-विवाद में अलाव में युवक गिर गया था, जिससे वह झुलसा है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।