सरायख्वाजा थानाक्षेत्र शुक्रवार रात सिद्दीकपुर में एक अंडे की दुकान पर विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई। इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिद्दीकपुर निवासी संजय चौहान ने थाने में तहरीर दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर रात तकरीबन 10 बजे के आसपास शराब की दुकान के बगल में उनकी अंडे की दुकान है, जहां मनोज चौहान (निवासी कबूलपुर, थाना जलालपुर), हनी चौहान और भीम सिंह (निवासी, गढ़ैला) नामक तीन युवकों ने अंडा खाया और बिना पैसे दिए जाने लगे। जब संजय के चाचा सुरेश ने उनसे पैसे मांगे, तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए अंडे की दुकान पर रखे चाकू से लाठी-डंडों के साथ सुरेश को मारकर लहुलूहान कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में चाकू लगने से सुरेश के हाथ-पैर पर चोटें आई है और सिर फट गया है। वहीं सुरेश चौहान को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर गंभीर हालत देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।घटना के बाद संजय ने सरायख्वाजा थाने में शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया है कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के ऊपर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।