रामपुर। नगर पंचायत ने बुधवार की दोपहर कठवतियां पड़ाव से पुरानी बाजार की तरफ सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलवाया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर से पांच फीट का अतिक्रमण हटवाया गया। इस कार्रवाई से बाजार और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। ईओ नगर पंचायत रामपुर कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि बाजार में पानी निकासी, जाम आदि की समस्या हो रही थी। इस कारण एक महीने पहले नोटिस जारी कर व्यापारियों से सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा। इसके लिए नगर पंचायत अध्यक्ष ने बाजारवासियों को कई बार पंचायत बुलाकर समझाया भी लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। तय समय बीतने पर बुधवार को मड़ियाहूं तहसील से राजस्व टीम, अधिशासी अधिकारी एवं स्थानीय थाना प्रशासन ने बुलडोजर से कठवतियां पड़ाव से पुरानी बाजार की तरफ किए गए अतिक्रमण हटाना शुरू किया। सड़क को चौड़ी करने के लिए बुलडोजर के गरजते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारी अपना सामान खुद हटाने लगे वहीं कुछ व्यापारी दबंगई करते भी देखे गए लेकिन प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी। किसी का चबूतरा तो किसी का टिनशेड बुलडोजर से ध्वस्त करना शुरू किया।