फूलपुर विकासखंड के झकहा दसमड़ा गांव में मनरेगा योजना के तहत एक खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल के निर्देश पर मंगलवार को अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा राजीव मौर्य, तकनीकी सहायक विक्स राय और ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
सचिव को निर्देश दिए गए कि मैदान के चारों ओर मजबूत बंधा बनाया जाए और हरियाली के लिए पौधरोपण भी सुनिश्चित किया जाए। विधान परिषद सदस्य (भाजपा) रामसूरत राजभर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मैदान परिसर में पौधरोपण किया जाएगा। वे अपने पैतृक गांव के बगल स्थित इस मैदान में ग्रामीणों के साथ पौधे लगाएंगे। मैदान के पूरा होने के बाद क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह मैदान न केवल गांव, बल्कि पूरे ब्लॉक में अपनी तरह का सबसे बड़ा खेल परिसर होगा।
फूलपुर-माहुल रोड के पास कुंवर नदी के किनारे स्थित यह ग्रामसभा की 3.5 एकड़ भूमि अब खेल मैदान के रूप में विकसित की जा रही है। यह भूमि पहले ऊसर और बंजर पड़ी थी। ग्राम प्रधान मोहम्मद अंजर की पहल पर ग्रामसभा की खुली बैठक में खेल मैदान बनाए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
मनरेगा योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर खंड विकास अधिकारी फूलपुर के पास अनुमति के लिए प्रस्तुत किया गया। स्वीकृति मिलने के बाद तकनीकी सहायक ने 150 मीटर लंबा और 115 मीटर चौड़ा मैदान प्रस्तावित किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 9 लाख रुपये रखी गई है। अभी तक 7 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं और मैदान के चारों ओर बंधा निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
ग्राम पंचायत अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि मैदान को सुसज्जित और हरित बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। वहीं खंड विकास अधिकारी फूलपुर ने खेल मैदान के निर्माण को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि क्षेत्र के युवाओं को जल्द ही इस सुविधा का लाभ मिल सके।