चंदवक। थाना क्षेत्र के पनिहर गांव निवासी बहादुर यादव की भैंस की मंगलवार को मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मूर्खा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास गोचर भूमि पर जलकल विभाग द्वारा पाइप डालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से भैंस की जान चली गई। मंगलवार को गांव के बच्चे पास में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद तलाशते हुए जब वे गड्ढे के पास पहुंचे तो देखा कि उसमें एक भैंस मृत अवस्था में पड़ी है। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और काफी मशक्कत के बाद भैंस को गड्ढे से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलकल विभाग ने करीब दो वर्ष पूर्व बोरिंग के लिए गड्ढा खोदा था लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया और गड्ढे को खुला ही छोड़ दिया गया। गड्ढा लगभग तीन फीट चौड़ा और पांच फीट गहरा बताया जा रहा है, जो लंबे समय से हादसे को न्योता दे रहा था। ग्राम प्रधान ने बताया कि पहले यहां बोरिंग की योजना थी लेकिन बाद में विभाग ने दूसरी जगह बोरिंग कर टंकी निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसके बावजूद पुराने गड्ढे को नहीं भरा गया, जिससे यह हादसा हुआ। इस मामले में जलकल विभाग के जूनियर इंजीनियर विपिन कुमार ने कहा कि उन्हें अभी तक घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित ठेकेदार से बात कर गड्ढे को जल्द भरवाया जाएगा और लापरवाही के लिए कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने और ऐसे खुले गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।