बीएसए कार्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन करते प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्य।
- फोटो : jounpur
पदोन्नति की मांग को लेकर छह दिन से धरने पर बैठे प्राथमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को बीएसए कार्यालय के सभी पटलों में तालाबंद कर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह आंदोलन को उग्र करेंगे। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह और प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित सिंह की अगुवाई में आंदोलित शिक्षकों ने कार्यालय में तालाबंदी कर नारेबाजी की। ताला बंद किए जाने से कर्मचारी बाहर टहलते रहे।
शाम करीब तीन बजे धरना स्थल पर पहुंचे बीएसए गजराज प्रसाद ने शिक्षकों भरोसा दिया कि 11 सितंबर तक उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उनके आश्वासन पर शिक्षकों ने आंदोलन को स्थगित कर दिया। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
धरना सभा को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रंतीय मंत्री रमेश सिंह ने कहा कि पदोन्नति एक सतत प्रक्रिया है इसे बीएसए को हर हाल में देना होगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि हक की लड़ाई के लिए वह संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। राकेश सिंह ने कहा कि शिक्षक हित के लिए किसी भी लड़ाई में वह आगे रहेंगे।
इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह, सुधाकर सिंह, डा. उदय सिंह, सरोज सिंह, शैलेंद्र सिंह, हरेंद्र गौतम, संदीप त्रिपाठी, मुन्नालाल, सर्वजीत आदि मौजूद थे।