मुंगराबादशाहपुर। नगर के सीमा विस्तार की मांग पूरी हो गई है। सरकार ने इस पर मुहर लगा दी है। इससे आसपास के गांवों में रह रहे लोगों को भी जल्द ही नगर जैसी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
नगर पालिका के सीमा विस्तार की कवायद पिछले तीन सालों से चल रही थी। शासन के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन ने दिसंबर 2019 में विभिन्न गांवों की सूची बनाकर उन्हें नगरीय क्षेत्र मे शामिल करने का प्रस्ताव भेजा था। इसमें भैरोपुर, गोविंदासपुर, अहमदपुर, कैथौली, धौरहरा, सरायरूस्तम, कमालपुर, पकड़ी, सरोखनपुर, मुंगरडीह, बहोरिकपुर गांव को नगर में शामिल करने का प्रस्ताव था। नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार से न केवल पालिका की आमदनी बढे़गी बल्कि विकास के नए द्वार भी खुलेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के नगरीय क्षेत्र में शामिल होने से सुविधाएं भी बढ़ेगी। बिजली, पानी,सड़क की सुविधा बेहतर हो जाएगी। अभी तक पालिका क्षेत्र मे 25 वार्ड हैं। विस्तार के बाद कई नए वार्ड बनेंगे। शासन से आदेश जारी होते ही इसकी प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले नगर पालिका क्षेत्र का विस्तार 1968 मे में किया गया था। इस बाबत पालिकाध्यक्ष शिव गोविंद साहू का कहना है कि शासन के निर्देश पर दिसंबर 2019 सीमा विस्तार के लिए प्रारुप बनाकर भेजा गया था, जिसे मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिली है। सीमा विस्तार से नगर पालिका का दायरा करीब तीन किलोमीटर तक बढ़ जाएगा। आय में चार से पांच गुना वृद्धि की संभावना है। अधिशाषी अधिकारी मीनाक्षी चतुर्वेदी का कहना है कि नगर पालिका के सीमा विस्तार से विकास का एक नया रूप दिखेगा। तीन किलोमीटर के दायरे में बिजली, पानी, सड़क की बेहतर सुविधा होगी। सड़क, प्रकाश, पेयजल के लिए पाइप लाइन आदि का भी विस्तार होगा। पूर्व चेयरमैन कपिल मुनि गुप्ता ने भी पालिका क्षेत्र के विस्तार पर खुशी जाहिर की है उनका कहना है पालिका क्षेत्र का दायरा बढ़ने से जहां एक तरफ पालिका की आमदनी बढ़ेगी वही पर दूसरी तरफ लोगो के सुविधाओं मे इजाफा होगा।