बरसठी क्षेत्र के हरद्वारी गांव के मृतक संदीप गौतम की फाइल फोटो। परिजन।
बरसठी। थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में शुक्रवार की सुबह संदीप (22) का शव बच्चों को खेलने के लिए लगे झूले से फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मूल निवासी सुमन गौतम का पुत्र संदीप गौतम (22) अपने दादा मांधाता गौतम और दादी कुसुमकली देवी के साथ हरद्वारी गांव में रह रहा था। वह टेंट हाउस में मजदूरी करता था। घर विद्यालय से सटा हुआ है। अलसुबह गांव का एक व्यक्ति अपना खेत देखने गया था। लौटते समय उसकी नजर विद्यालय परिसर में झूले से फंदे के सहारे लटक रहे संदीप पर पड़ी। उसने शोर आसपास के लोगों को बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक का शव काले फंदे से लटका था। दोनों पैर जमीन पर मुड़े हुए पड़े थे। नाक से खून निकला था, जबकि जीभ काली पड़ गई थी। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे विद्यालय के आसपास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे थे। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
मध्य प्रदेश में रहते हैं माता-पिता
पिता सुमन गौतम और मां साधना देवी मध्यप्रदेश में ही रहती हैं। संदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई नौ वर्ष का है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।