सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के अतरौरा गांव से लापता हुए किशोर का शव मंगलवार को आंबेडकर नगर जिले में मिला। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक अतरौरा गांव निवासी आदर्श कुमार सिंह (16) 28 सितंबर को शाम के समय घर से गायब हो गया था। इसकी सूचना पिता अरुनेंद्र सिंह ने सरायख्वाजा पुलिस को दी थी। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि किशोर के परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी कि आदर्श घर से शाम को कहीं चला गया है। सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार को आंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर में नहर में एक शव तैरता हुआ मिला। उसकी पहचान आदर्श के रूप में की गई है। आदर्श इस साल 12वीं का छात्र था। थाना प्रभारी राज नारायण चौरसिया ने बताया कि आदर्श की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।