ट्रक में टकराने के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : संवाद
जलालपुर। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे प्रधानपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई। कार में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मियापुर शाही मस्जिद निवासी प्रिकेश प्रजापति (35) सोंधी ब्लाॅक में बीएमएम (ब्लॉक मिशन मैनेजर) पद पर तैनात हैं। वह कार से दो अन्य लोगों के साथ वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। जलालपुर थाना क्षेत्र के प्रधानपुर गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार तीनों लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी रेहटी ले गई। जहां डॉक्टरों ने चालक प्रिकेश प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। घायल राकेश निषाद निवासी मियापुर शाही मस्जिद और प्रयागराज के तुलाराम बाग निवासी कार्तिक यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।