जौनपुर। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शहर के कुत्तूपुर स्थित शिवांश ब्लड सेंटर (लक्ष्मी हेल्थ केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल) का लाइसेंस निलंबित कर उसके संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। जांच में कई अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है। ड्रग इंस्पेक्टर (डीआई) रजत पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान ब्लड सेंटर में बड़े पैमाने पर खामियां मिलीं। यहां मार्च 2025 से डोनर और मास्टर रजिस्टर ठीक से नहीं बनाए जा रहे थे। उपकरणों का कैलिब्रेशन रिकॉर्ड गायब था और ब्लड ग्रुपिंग रजिस्टर भी तैयार नहीं था। इसके अलावा, सेंटर में योग्य स्टाफ की भारी कमी थी। दस्तावेजों में ओवर-राइटिंग की गई थी और एलिसा टेस्ट व रीएक्टिव मामलों का स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिला। विभाग ने निर्देश दिया है कि निलंबन अवधि में रक्त संबंधी कोई भी कार्य अवैध होगा। कमियां दूर कर अनापत्ति रिपोर्ट मिलने तक लाइसेंस निलंबित रहेगा। ब्लड बैंक के प्रोप्राइटर डाॅ. संदीप मौर्या ने कहा कि शनिवार को लेटर मिला था। कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया था और एक सप्ताह का समय दिया गया, जिसे देने की तैयारी मैं कर रहा था। लेकिन, इसी बीच कार्रवाई कर दी गई। मैं सभी बिंदुओं पर जानकारी दे रहा हूं। विभाग को आज कार्रवाई नहीं करनी चाहिए थी।