जंघई रेलवे स्टेशन पर सीआरएस के निरीक्षण के दौरान भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री के नाम संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन प्रदेश सचिव राजनाथ यादव के नेतृत्व में सौंपा। ज्ञापन में जंघई स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने, कोच गाइडेंस डिस्प्ले, पूरब दिशा में नया फुट ओवर ब्रिज बनवाने, छायादार वृक्षारोपण, अतिरिक्त आरक्षण काउंटर और सेकेंड एंट्री गेट बनाने की मांग की गई। इसके अलावा जंघई और जरौना स्टेशन के बीच ग्राम रामपुर चौथार में किसानों एवं ग्रामीणों की सुविधा के लिए रेलवे अंडरपास के निर्माण की भी मांग उठाई गई। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों के प्रति सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में गिरिजा शंकर शर्मा, प्रेमराज मिश्रा, चंद्रमणि तिवारी, सुभाष चंद्र और संतोष कुमार यादव आदि शामिल रहे।