जफराबाद। क्षेत्र के हौज गांव स्थित शहीद स्मारक पर रविवार को कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने शहीदों को नमन किया। उसके बाद उन्होंने आधा दर्जन गांवों का दौरा किया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने पूरे देश में 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी। दक्षिण के राज्यों में भी अब भाजपा की लहर चल रही है। लोगों को मोदी की गारंटी पर विश्वास है। कहा कि चुनावी चंदे का जो मुद्दा विपक्ष उठा रहा है, उसकी वास्तविकता यह है कि सभी पार्टियों को भाजपा की तुलना में ज्यादा चंदा मिला है। विपक्ष हताशा से भरा है। रोज प्रत्याशी बदले जा रहे हैं। अभी तक कोई भी उम्मीदवार तय नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे मंत्री बनाया। इसका चौहान समाज में काफी उत्साह था। इस बार हमें और ताकत से मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए लगना है। इस मौके पर बाघ सिंह चौहान, सुरेंद्र सिंह, चंदन कुमार आदि मौजूद रहे।