सिंगरामऊ के राजा श्रीपाल सिंह के परिवार के मृगेंद्र सिंह शिव बाबा ने शुक्रवार को लखनऊ में समर्थकों के साथ भाजपा छोड़ रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने सदस्यता ग्रहण कराई। बदलापुर से शिव बाबा भाजपा से टिकट मांग रहे थे।
उनके परिवार का जनसंघ के समय से रिश्ता रहा। सिंगरामऊ के राजा कुंवर श्रीपाल सिंह 1952 में चांदा से विधायक हुए थे। 1957 में खुटहन से निर्दल विधायक निर्वाचित हुए थे। 1962 में रारी से जनसंघ से वह विधायक बने।
उनके पुत्र जयबाबा 1996 में खुटहन विधानसभा से भाजपा से चुनाव लड़े और तकरीबन 42 हजार मत पाए। पूरा परिवार भाजपा और जनसंघ के प्रति समर्पित रहा । शिव बाबा ने रालोद की सदस्यता ग्रहण कर भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है।
इस परिवार का जिले में अच्छा खासा प्रभाव है। वैसे भी बदलापुर क्षेत्र में तकरीबन 35 से 40 हजार क्षत्रिय मतदाता हैं। मृगेंद्र सिंह शिवबाबा को भाजपा के आला नेतृत्व ने चुनाव लड़ाने के लिए आश्वस्त किया था लेकिन ऐन वक्त पर शाहगंज से टिकट मांग रहे रमेश मिश्रा को बदलापुर से प्रत्याशी घोषित कर दिया।
इसका विरोध शिवबाबा ने किया लेकिन पार्टी ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया। इसके बाद उन्होंने रालोद की सदस्यता ग्रहण कर लिया है। चर्चा है कि रालोद उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर सकता है।