नगर के जलाशयों को पाटकर उनका अस्तित्व समाप्त करने की साजिश से नाराज भाजपा के पदाधिकारी रविवार को धरने पर बैठ गए। भाजपाइयों ने मामले में उपजिलाधिकारी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारे लगाए। चार घंटे बाद सांसद बीपी सरोज के साथ एसडीएम मौके पर पहुंचे और दो दिन के अंदर पैमाइश कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ।
नगर के कायस्थाना मोहल्ले में रविवार को भाजपा पदाधिकारी मनोज जायसवाल, संतोष जायसवाल, हरिओम गुप्ता, शिरीष कुमार गुप्ता धरने पर बैठ गए। इन्होंने आरोप लगाया कि बरईपार चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के समीप तालाब पर टिन शेड डालकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसी प्रकार कायस्थाना मोहल्ले में सरकारी कागजों में बतौर तालाब दर्ज जमीन पर मिट्टी डालकर पाटा जा रहा है। मीरपुर चौराहे पर स्थित तालाब को भी बीते तीन दिनों से दर्जनों ट्रैक्टर से मिट्टी लाकर पटवाया जा रहा है। आरोप लगाया कि एसडीएम मछलीशहर की मिलीभगत से नगर के तालाब पाटे जा रहे हैं। जिलाधिकारी को भी प्रार्थनापत्र देने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिसके कारण मजबूरी में हम लोगों को प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा है। सांसद बीपी सरोज, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया व क्षेत्राधिकारी अतर सिंह मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि दो दिन में मौके पर पैमाइश की जाएगी, उसी के बाद निर्णय प्रशासन लेगा। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
भाजपा के एक धड़ा जताया विरोध
भाजपा नेता राजकुमार उर्फ गोली पटवा के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता अलग धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि मिट्टी तालाब के बजाय भूमिधरी आराजी में डाली जा रही है। यह लोग रास्ता जामकर कार्य में बाधा डाल रहे है। बहरहाल सांसद के हस्तक्षेप के बाद दोनों गुटों ने धरना समाप्त कर दिया है।