नगर पालिका परिषद के चुनाव में मुंगराबादशाहपुर में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है। भाजपा के कपिलमुनि गुप्ता ने बसपा के जफर मंसूरी को 4639 वोटों से पटखनी दी है। सपा के उमाशंकर चौरसिया तीसरे पायदान पर रहे। उन्हें 3345 वोट मिले।नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से तमाम दिग्गजों ने टिकट का दावा ठोक रखा था लेकिन कपिल मुनि ने अपने राजनीतिक कौशल से भाजपा का टिकट हथियाने में सफलता पाई। भाजपा के कपिल मुनि बसपा के जफर मंसूरी को एक तरफा वोटों से हराकर पालिका की कुर्सी पर काबिज होने में कामयाब हो गए। कुल पड़े मतों में आधे मत कपिल के पक्ष में रहे। चुनाव में 18958 मत पड़े थे जिसमें कपिल मुनि को 9607 मत बसपा के जफर मंसूरी को 4968 मत मिले समाजवादी पार्टी के उमाशंकर चौरसिया को 3345 वोट मिले आम आदमी पार्टी के मिठाई लाल को 220 मत मिले। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के राजकुमार पटेल को 143 मतों से ही संतोष करना पड़ा। यदि पराजित चारों प्रत्याशियों को मिले मतों को मिला दिया जाए तब भी भाजपा के कपिल मुनि चारों से आगे रहे। कपिल मुनि इससे पहले 2013 में राजद के टिकट पड़े और जीत हासिल की थी। 2018 के चुनाव में वह भाजपा के शिवगोविंद साहू को मैदान में उतारा था और जीत का सेहरा पहना दिया। 2023 के चुनाव में भाजपा ने उन पर भरोसा जताया तो उन्होंने पुन: अपने राजनैतिक कौशल का परिचय देते अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने में कामयाब हो गए।