संवाद न्यूज एजेंसी गौराबादशाहपुर।
बनरहिया बाग के पास पेड़ की डाल कार पर गिरने से घायल भाजपा बूथ अध्यक्ष की इलाज के दौरान वाराणसी के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। यह जानकारी मृतक के चचेरे भाई विपुल सिंह ने दी है। भुइली गांव निवासी बिपिन सिंह मंटू (48) शनिवार को भदेवरा निवासी शिक्षक मनीष सिंह के साथ कार से पतहना जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बनरहिया बाग के पास पहुंची, तभी अचानक पेड़ की बड़ी डाल टूटकर कार पर गिर गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी में इलाज के दौरान शनिवार की रात में बिपिन सिंह ने दम तोड़ दिया।