बरसठी। बड़ेरी बाजार के पास सोमवार की शाम को लोडर की टक्कर से बाइक सवार जटाशंकर यादव (32) निवासी मुजार गांव की मौत हो गई। जबकि उनके साथी विकास यादव घायल हो गए। पुलिस परिवार के विजय बहादुर यादव की तहरीर पर लोडर चालक राकेश सरोज निवासी मरही जलालपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मछलीशहर के मुजार गांव निवासी जटाशंकर यादव उर्फ मिलन (32) पड़ोसी विकास यादव के साथ बाइक से बड़ेरी बाजार जा रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे बड़ेरी स्थित पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर पहले मड़ियाहूं की ओर से आ रहे तीन पहिया लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।