करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर तिराहे के पास सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे शाहगंज की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई और एक घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ट्रक चालक को पकड़ने, मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सदर ने जाम समाप्त कराया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तपुर गांव निवासी फेरई का 15 वर्षीय पुत्र यश उर्फ लालू पास के ही एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। वह अपने साथी उसी गांव निवासी 14 वर्षीय अंश पाल व 12 वर्षीय जय सोनकर के साथ बाइक से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान शाहगंज की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से यश की मौत हो गई। अंश पाल के पैर में गंभीर चोट आई। हालांकि जय सोनकर बाल बाल बच गया। घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक को पकड़ने की मांग करने लगे। थोड़ी ही देर में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर ही रखकर जाम लगाए रखा। परिजन मुआवजे की भी मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट जलराजन चौधरी और सीओ सदर एसपी उपाध्याय ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। उधर, चौकिया धाम के पास से ट्रक को पकड़ लिया गया, लेकिन चालक फरार हो गया।
.........
नाराज लोगों ने राज्यमंत्री के काफिले का किया घेराव
करंजाकला। कुत्तूपुर में सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत के बाद कार्रवाई के लिए लोगों ने सड़क जाम किया था। इसी दौरान उधर से युवा कल्याण एवं खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। लोगों का आक्रोश तब और बढ़ गया जब वह अपने काफिले से नीचे नहीं उतरे। लोगों ने उनके काफिले का घेराव किया। कुछ देर के बाद उनके काफिले को दूसरे रास्ते से भेजा गया।