निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के हसिया गांव के पास रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार होमगार्ड घायल हो गया। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायल होमगार्ड को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा था थ कि रास्ते में ही होमगार्ड की मौत हो गई।
विनोद सिंह (52) निवासी पपरावन होमगार्ड के पद पर बरसठी और मीरगंज थाने पर बारी-बारी से ड्यूटी करते थे। इन दिनों एक अक्टूबर 2023 से मीरगंज थाने में तैनात थे। रविवार को ड्यूटी से अपने घर जा रहे थे कि रास्ते में ही हसिया गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार विनोद सिंह मियांचक की तरफ से निगोह जा रहे थे, उधर विपरीत दिशा निगोह की तरफ से मियां चक की तरफ ट्रैक्टर जा रहा था। हसिया गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। पुलिस ने ट्रैक्टर का पता लगाकर उसे बरामद कर लिया। थाना प्रभारी गोविंद देव मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण होमगार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
इनसेट
सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल
शाहगंज। क्षेत्र के दो अलग अलग जगहों पर रविवार की रात हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। नगर से सटे डिहवाभांदी निवासी गुलाब राजभर (24)पुत्र विनोद राजभर खेतासराय से बाइक से घर लौट रहा था। रविवार की रात कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला चक गोपालपुर गांव निवासी आशीष यादव (26)पुत्र चनरदेव यादव रविवार की देर रात शाहगंज से घर जाते समय आजाद फाटक समीप ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।