मछलीशहर। जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर की ट्राॅली से लगे धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी घटना में बाइक की टक्कर से वृद्ध घायल हो गया। सुजानगंज थानाक्षेत्र के मटिहारी गांव निवासी राहुल सरोज (24) पुत्र पृथ्वीपाल सरोज गांव के ही अपने पड़ोसी अंशु (20) के साथ कोतवाली क्षेत्र के परशूपुर गांव में मंगलवार रात एक बरात में आया था। वहां से आधी रात घर लौटते समय खाखोपुर बाजार के निकट पहुंचा था कि सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की ट्राॅली से जबर्दस्त धक्का लगा। धक्का लगने के बाद राहुल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अगल बगल के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी भेजा जहां चिकित्सक ने राहुल के मौत की पुष्टि कर दी। राहुल दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। पिता पृथ्वी पाल ट्रक चलाते हैं। वहीं अंशु को जिला अस्पताल रेफर में किया गया है। मछलीशहर कोतवाली प्रभारी विनीत राय ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना में कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सुभाष (65) बुधवार को गांव की सड़क पर टहल रहे थे। एक बाइक सवार उन्हें टक्कर मारकर भाग गया, जिससे वह घायल हो गए। सुभाष का भी इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।