रामनगर । रामपुर थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव के पास हाईवे पर मंगलवार को सड़क पार कर रहे बालक को बचाने में घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दौड़ी गांव निवासी सभाजीत यादव (60) किसी कार्य से मंगलवार की दोपहर रामपुर बाजार की तरफ जा रहे थे। जमालापुर बाजार के आगे जोगापुर गांव में पहुंचे थे, तभी एक 10 वर्षीय बच्चा सड़क पार करने लगा। बच्चे को टक्कर से बचाने के लिए सभाजीत ने अपनी बाइक को मोड़ने का प्रयास किया। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रभारी थानाध्यक्ष रामश्रय कुशवाहा ने बताया कि वाराणसी स्थित ट्राॅमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। जहां बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।