सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जौनपुर-केराकत मार्ग पर जाम लगाए लोगों को समझाते पुलिस व प्रबुद्?
- फोटो : JAUNPUR
केराकत/मुफ्तीगंज। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुआडीह गांव के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सड़क पर कीचड़ व फिसलन के कारण हुआ। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर केराकत-जौनपुर मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया। उधर, हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोनखरी गांव निवासी गुल्लू यादव (35) मंगलवार की रात मुंबई जाने के लिए घर से निकला। पड़ोस का अमरजीत यादव उसे अपनी बाइक पर बिठाकर जौनपुर छोड़ने आ रहा था। रात करीब नौ बजे गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुआडीह गांव के पास सड़क पर कीचड़ के कारण बाइक असंतुलित होकर फिसल गई। बाइक सवार गुल्लू सड़क पर गिर गया। विपरीत दिशा से आ रही ट्रक उसे कुचलते हुए आगे निकल गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क किनारे पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। सड़क की पटरी खोदकर निकाली गई मिट्टी के कारण बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ हो गया है। बाइक इसी कीचड़ के कारण फिसल गई। जाम की सूचना पाकर गौराबादशाहपुर और केराकत थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। करीब एक घंटे तक जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। गौराबादशाहपुर एसओ रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।