लाइन बाजार थाना क्षेत्र के धन्नेपुर के पास ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार मृतक अजय मौर्य की फ़ाइल
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के धन्नेपुर में बृहस्पतिवार को अग्निशमन कार्यालय के निकट शाहगंज हाईवे पर ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे 10 फीट नीचे नाले में पलट गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक घायलावस्था में निकल कर चला गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान नगर कोतवाली निवासी अजय मौर्य के रूप में की गई। नगर कोतवाली के धरनीधरपुर निवासी अजय मौर्य (45) पुत्र रामजस मौर्य बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे बाइक से शीतला चौकियां नवीन सब्जी मंडी से सब्जियां खरीदने गए थे। लौटते समय चौकियां से शाहगंज हाईवे पर निकले लिंक रोड पर जा रहे थे। इसी समय एक ट्रैक्टर कुत्तूपुर से विशेषरपुर की तरफ जा रहा था। धन्नेपुर के पास बाइक सवार जैसे ही हाईवे पर निकला ट्रैक्टर का धक्का लगने से अजय दूर जाकर गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाइक सवार को घसीटते हुए करीब 10 फीट नीचे नाले में पलट गया। हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कुछ साहसी युवकों ने ट्रैक्टर से दबे बाइक सवार को निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस के सहयोग से उसे बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक को हल्की चोट आई। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी रही।
लाईन बाजार क्षेत्र के धन्नेपुर में अनियंत्रित होकर खाई में पलटा ट्रैक्टर। संवाद- फोटो : JAUNPUR