जलालपुर। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जलालपुर थाना क्षेत्र के मकरा गांव के समीप मंगलवार की शाम करीब सवा सात बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
वाराणसी के बागरानीपुर निवासी प्रदीप सेठ 38 अपनी अपाचे बाइक से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। वह मकरा गांव के पास हाईवे पर पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल से सौ मीटर आगे ट्रक खड़ा कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत युवक के जेब से मिले आरसी व डीएल से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।