बक्शा। थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के समीप ट्रक की चपेट में आने से शनिवार को बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। हालांकि मौके पर पहुंचे सीओ सदर एवं एसडीएम सदर ने लोगों को समझाकर 15 मिनट में जाम समाप्त करा दिया।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि हाजीपुर उर्फ फरीदाबाद गांव निवासी करीब भीम यादव (32) घर करीब तीन बजे अलीगंज बाजार से पश्चिम की तरफ जा रहे थे। इस बीच एक ट्रक जौनपुर शहर की तरफ जा रहा था। भीम सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराए। ट्रक के पहिये के नीचे चले जाने से भीम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी व 12 वर्षीय बेटे सहित परिवार वालों के साथ ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।