सड़क दुर्घटना में मृत आकाश कुमार दुबे की फाइल फोटो । स्रोत-परिजन
मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर सराय कालिदास स्थित निर्माणाधीन बाईपास पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर के पास हुई, जहां मिट्टी लेवलिंग में लगे मोटर ग्रेडर की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रामपुर थाना क्षेत्र के तेलियानी गांव निवासी आकाश कुमार दुबे (33) रविवार को जौनपुर सदर में भर्ती अपनी दादी को खाना पहुंचाकर बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह निर्माणाधीन बाईपास से होकर प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर के सामने पहुंचे, तभी हाईवे पर कार्यरत मोटर ग्रेडर बैक करते समय उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।सूचना मिलते ही मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक व मोटर ग्रेडर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक आकाश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दोनों बड़े भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। आकाश की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।