मोबाइल लूटकर भाग दो बदमाश गिरफ्तार
हवाई फायरिंग कर फैलाई दहशत
बदलापुर। रामपुर गांव में श्रीकालीदीन इंटर कालेज के समीप रविवार की सुबह साढ़े दस बजे एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने साइकिल सवार श्रमिक को रोककर असलहे के बल पर मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा कर लिया। बदमाश फायरिंग करके दहशत पैदा करने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उनमें से दो को पकड़ लिया।
सरायहरखू निवासी जीतेंद्र निषाद मजदूरी करने रामपुर जा रहा था। श्री कालीदीन इंटर कालेज के समीप एक बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और उसका मोबाइल छीनकर भागने लगे। उसने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने उनका पीछा कर लिया। रामपुर गांव के पास पीली नदी पुल के निकट ग्रामीणों से घिरता देख बदमाशों ने हवाई फायरिंग करके दहशत पैदा करने की कोशिश की और भागने लगे। मरगूपुर मोड़ के पास भी फायरिंग की। मगर ढाई किलोमीटर दूर साढ़ापुर गांव के पास से उनकी बाइक पलट गई। हादसे में बाइक चला रहा शिवम मौर्य (28) घायल हो गया। उसके ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसके दूसरे साथ भागने लगे। शिवम प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाने के भैरोपुर का रहने वाला है। ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। उधर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पुलिस ने एक बदमाश को दौड़ा कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सूरज शुक्ला निवासी हरिहरपुर थाना सिंगरामऊ बताया। उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
मां बेटे को पीट कर किया घायल
खेतासराय। क्षेत्र के मनेच्छा गावं में रविवार को पारिवारिक विवाद में मनबढ़ों ने मां बेटे को पीट कर घायल कर दिया। क्षेत्र के मनेच्छा गावं निवासी शर्मिला देवी पत्नी शतिराम काअपने श्वसुर से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद में श्वसुर पक्ष के लोगों ने मां शर्मिला देवी 40 और पुत्र सूरज 18 की पिटाई कर दी। दोनों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पर कराया गया । शर्मिला देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मनबढ़ों ने ग्राम प्रधान को पीटकर किया घायल
धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड गांव के पास शनिवार की देर शाम एक प्रधान को मनबढ़ों ने मारपीटकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल ग्राम प्रधान को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मैरादखान गांव के प्रधान हरिश्चंद्र यादव (50) शनिवार की शाम नौ बजे बाइक से जौनपुर से घर लौट रहे थे। वह चोरसंड ग्राम के पास पहुंचे थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश जो गमछे से चेहरा बांधे हुए थे ओवरटेक कर प्रधान को रोक लिए। बदमाशों ने डंडे से मारपीट कर प्रधान को घायल कर दिया। आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश फरार हो गये। लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल प्रधान को स्थानीय सीएचसी ले गयी। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पुरानी रंजिश में दो भाइयों को पीटा
शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नटौली गांव निवासी राकेश (25) और उनके बड़े भाई चंद्रेश (33) को पुरानी रंजिश के चलते पट्टीदारों ने लाठी डंडे से पीट कर गम्भीर रुप से घायल कर दिया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
मामूली विवाद में घर में घुसकर की पिटाई
खेतासराय। थाना क्षेत्र के चौकिया गुरैनी गांव के रविवार दोपहर चौकिया निवासी सहादुर यादव के घर में घुस कर मनबढ़ों ने मारा- पीटा और महिलाओ को अपमानित किया। दोनों के बीच मछली मारने को लेकर विवाद हो गया था । इसी विवाद के बाद सनाउल्लाह पक्ष के लोगों ने सहादुर के घर में घुसकर मारपीट किया । सहादुर ने रविवार की शाम थाने मे तहरीर दी है । पुलिस छानबीन कर रही है ।
मारपीट में छह घायल
सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में रविवार को सुबह करीब दस बजे भूमि विवाद में हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए। घायलों को पीएचसी मुंगराबादशाहपुर में भर्ती कराया गया है। घायलों में विजय शंकर बिंद (51), सुशीला देवी (47), सीता देवी (14) और दूसरे पक्ष से सुभाष बिंद (40) , संजू देवी (36) , सपना देवी (13) शामिल हैं।
बाइक से गिरकर दंपती घायल
मड़ियाहूं ।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जोगापुर नहर पुलिया के पास रविवार को बाइक से गिरने पर दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडियाहूं भेजवाया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिकरारा थाना क्षेत्र के सादात बिंदुली गांव निवासी विनय कुमार गौतम (37) अपनी पत्नी अर्चना गौतम (34) को बाइक से लेकर मडियाहूं किसी काम से आ रहे थे। वे जैसे ही जोगापुर नहर पुलिया के पास पहुंचे । तभी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खंदक में बाइक सहित गिर गये। जिससे विनय कुमार गौतम और उसकी पत्नी अर्चना गौतम घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडियाहूं लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद विनय कुमार गौतम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया ।