शाहगंज। अयोध्या मार्ग स्थित बेलवाई के पास बुधवार को सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि खुटहन थाना क्षेत्र के लवायन गांव निवासी विद्या देवी (42) अपने बेटे संदीप (30) और भाई सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिद्दिनपुर गांव निवासी लालतू वर्मा (38) के साथ बाइक से रिश्तेदार को देखने जा रही थी। जैसे ही बाइक बेलवाई के समीप पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विद्या देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप व लालतू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना जैसे ही मृतका के परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। दुख व आक्रोश के बीच परिजन बिना किसी कानूनी औपचारिकता के शव को अपने साथ घर ले गए। यदि परिजन तहरीर देंगे तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ.आरबी यादव ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।