शाहगंज। क्षेत्र में रविवार की रात दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों की बाइकें हादसे का शिकार हो गईं। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। खुटहन थाना क्षेत्र के सौरइयां गांव गांव निवासी सत्यम (20) व वीरू (26) एक ही बाइक से आज़मगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के कटार गांव स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। चिरैया मोड़ स्थित मैदामील के पास बाइक सड़क के किनारे खड़ी एक ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना खेतासराय थाना क्षेत्र के नौली गांव निवासी विनोद (40) और राहुल (24) बाइक से शाहगंज एक शादी समारोह में आ रहे थे। एराकियाना मोहल्ले के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक दीपेद्रं सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। अभी कोई भी तहरीर नहीं मिली है।
कार के धक्के से विवाहिता की मौत-गौराबादशाहपुर। क्षेत्र के बिथार गांव के पास आजमगढ़ जौनपुर मार्ग पर सोमवार की सुबह डिवाइडर पार कर रही विवाहिता की कार के धक्के से मौके पर ही मौत हो गई। गांव निवासी मंजू की शादी बरदह थाने के गोठव गांव के साथ करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। मंजू एक महीने से अपने मायके बिथार आई थी। सोमवार की सुबह वह अपने पाही से डिवाइडर पार कर के घर आ रही थी। इसी दौरान आजमगढ़ की तरफ से आ रही कार की चपेट में आ गई। कार चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी 112 की पुलिस को दी। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। घटना की जानकारी की जा रही है।
सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल-केराकत। ग्राम औरी के पास जौनपुर गाजीपुर मार्ग पर सोमवार को बिजली के पोल में बाइक टकराने से दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दिलीप यादव (24) दीपक यादव (25) निवासी भाभौरा सैदपुर गाजीपुर बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान औरी गांव के पास सड़क के बगल स्थित खंभे से टकरा कर घायल हो गए।
प्रतापगढ़ में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत -मीरगंज/बरसठी। बरसठी क्षेत्र के टकटैया गांव के एक युवक की प्रतापगढ़ जनपद में सड़क दुर्घटना में रविवार को मौत हो गई। सोमवार को उसका शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया। मृतक पांच बहनों में इकलौता भाई था। पिता उमाशंकर सिंह प्राथमिक विद्यालय भैसहा में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। माता साधना सिंह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। अनुराग प्रतापगढ़ अपनी बहन के घर गया था। वहां देहात कोतवाली के टेउंगा गांव के पास अनुराग जिस ऑटो में बैठा था उसे स्कार्पियो ने टक्कर मार दी थी जिससे अनुराग की मौत हो गई थी और सात लोग घायल हो गये थे। सोमवार की सुबह युवक का शव गांव पहुंचते ही मां साधना सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। इससे गांव में मातम छा गया। पास-पड़ोस के भी कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गए।