शाहगंज। क्षेत्र के ताखा पश्चिम गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार को खड़े ट्रक में बाइक सवार तीन युवक टकरा गए। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। तीनों युवक एक ही बाइक पर शादी में शिरकत करने जा रहे थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सबरहद गांव निवासी हेमंत (23) अपने दो साथियों रोहित (18), देव सोनकर (18) के साथ शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहा था। ताखा पश्चिम गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक की टक्कर हो गई। इसमें तीनों बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने हेमंत को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर रूप से घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक हेमंत सबरहद गांव के प्रधान मुकेश राजभर का भतीजा था, जो परिवार समेत चंडीगढ़ रहता था। इन दिनों अपने गांव आया हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।