जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार में मंगलवार की रात में अनियंत्रित क्रेटा कार की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर धर्मेंद्र गौतम उर्फ मिथुन (40) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने एक चार पहिया वाहन को पलट दिया। सूचना पर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता और लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। थानाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।