हादसे में साइकिल सवार की मौत, पांच घायल
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम, पुलिस से हाथापाई, चालक को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। बक्शा, मछलीशहर, सरपतहां में हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साइकिल सवार की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वालों के साथ भी हाथापाईं की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम समाप्त कराया।
बक्शा क्षेत्र के मीरगंज निवासी राजेंद्र यादव (55) सुबह साइकिल से पकड़ी चौराहा पार कर रहे थे। जौनपुर- प्रयागराज मार्ग पर पकड़ी चौराहे के गिट्टी लदे ट्रक ने अचानक मोड़ दिया और वह उसकी चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक संतुलन खो बैठा और सामने की दुकान में घुस गया। लोगों ने चालक को एक दुकान में बैठा दिया था। राजेेंद्र की मौत की खबर सुनने के बाद लोग चालक को पीटने लगे। ट्रक के शीशे तोड़ दिए। चक्का जाम कर दिया। फतेहगंज बाजार के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। उसी दौरान पुलिस पहुंच गई और चालक को भीड़ से बचाकर ले जाने लगी। इस बात पर लोगों की पुलिस से भी हाथापाई हुई। धक्का मुक्की में एक दरोगा और कुछ पुलिस वालों को हल्की चोटें आईं। उसके बाद सीओ सदर के नेतृत्व में सिकरारा और लाइनबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाबुजाकर जाम समाप्त कराया। ट्रक को कब्जे में लेकर बक्सा थाने ले गए।
उधर सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर पेट्रोल पंप के पास लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर टायर फटने के कारण टमाटर लदा ट्रक नाले में पलट गया। ट्रक चालक मजीद व खलासी उस्मान निवासी नीलखेड़ी थाना इडौली जनपद अमरोहा और बबलू निवासी बिंद्रा बाजार आजमगढ़ घायल हो गए। उनको राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज में भर्ती कराया गया। रायबरेली हाईवे पर मछलीशहर क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोग घायल हो गए। सिकरारा थाना क्षेत्र के मलसिल गाव निवासी सूरज (23 ) पुत्र रमेश घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी मछलीशहर में भर्ती कराया गया। दूसरी घटना हाईवे पर स्थित पवारा बाजार में हुई जहां अनियंत्रित ट्रक सड़क के किनारे गुमटी से टकरा गई। इस हादसे में ट्रक ड्राइबर बंश बहादुर (52) पुत्र साहब राज सिंह निवासी बनकट थाना सोरांव जनपद प्रयागराज घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मछलीशहर में भर्ती कराया गया है।