जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र के नहोरा चौबान गांव में फिल्माई जा रही भोजपुरी फ़िल्म ‘भगवान हाजिर हो ’ का गुरुवार को उद्घाटन हुआ। समारोह में भोजपुरी फ़िल्म के सुपरस्टार निरहुआ के भाई प्रवेश लाल यादव मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जलालपुर के प्रमुख संदीप सिंह ने कहा कि भोजपुरी फिल्में सदैव समाज का विनम्र पहलू रही हैं। इन्हें समाज का आइना कहा जाए तो अति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हमारा जिला समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों और सुंदरता से भरा पड़ा है। यहां शूटिंग की भरपूर संभावनाएं हैं।
पीएनजे फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म के निर्देशक सचिन यादव ने बताया कि फ़िल्म की शूटिंग एक माह तक जिले के सभी धार्मिक तथा ऐतिहासिक स्थलों पर की जाएगी। इसके लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है। फिल्म में हीरो प्रवेश लाल यादव और समर सिंह, हीरोइन की भूमिका यामिनी सिंह व गरिमा मौर्या निभा रही है।