शाहगंज लापता युवक की बरामदगी को लेकर प्रदर्शन करते भीम आर्मी के कार्यकर्ता। संवाद
शाहगंज। सरपतहां थाना क्षेत्र के लालापुर गांव से लापता गोलू को खोजने की मांग के लिए बुधवार को भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सौरभ कुमार को सौंपा। लालापुर गांव निवासी करसन का बेटा गोलू बीते 30 जून 2026 की रात आठ बजे सब्जी लेने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। आरोप है कि सरपतहां थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके औपचारिकता निभाई। परिजनों ने दो लोगों पर अपहरण अथवा हत्या की आशंका जताई है। भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के जिला सचिव मिथुन कुमार भारती ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यशैली संतोषजनक नहीं रही। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष विवेक राघव, डॉ. कुंवर ज्ञानेंद्र, मोहित आजाद, रमेश जाटव, इंद्रेश पासवान, धनंजय आदि रहे।