मछलीशहर। तहसील परिसर में भूमि बिक्री के बाद पैसा नहीं पाने और बैनामा की जमीन अपने नाम करा लिए जाने से क्षुब्ध युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किया गया।
सीओ प्रतिमा वर्मा के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।फिरोजपुर (मधुपुर) निवासी ओमप्रकाश गिरि ने पुलिस को लिखित रूप से सूचना देकर बताया कि मधुपुर निवासी समर बहादुर पटेल चार मार्च को उन्हें अपने रिश्तेदार के घर गौहानी लेकर आया। रात में उसने पार्टी दी। इस दौरान उन्हें शराब पिलाई गई। 5 मार्च 2025 की सुबह तहसील कार्यालय में आकर उनकी भूमि का बैनामा चेक देकर करवा लिया। बैनामा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चेक में त्रुटि की बात कहकर वापस ले लिया गया। आरोप है कि भूमि की कीमत का भुगतान किए बिना ही नामांतरण भी करा लिया। जानकारी होने पर उक्त ने नामांतरण खारिज करने के लिए तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया है जो विचाराधीन है। मामले की पैरवी करने बुधवार को आए इस युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। मामले में सीओ मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने पीड़ित ओमप्रकाश और उनकी पत्नी से पूरी जानकारी ली।सीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।