जफराबाद। थाना क्षेत्र के दरीबा बाईपास के पास रविवार की सुबह सड़क हादसे में दो भाई की मौत हो गई जबकि एक भाई घायल हो गया। बहन की विदाई के सिलसिले में कुछ सामान लेने तीनों भाई एक ही बाइक से बाजार जा रहे थे। दरीबा के पास अचानक बाइक फिसलने से तीनों घायल हो गए थे।
जफराबाद थाना क्षेत्र के मकदूमपुर ताड़तला निवासी आनंद सोनकर(15), अमित सोनकर(16) पुत्र रामदास अपने मौसी के लड़के श्याम बाबू(19) पुत्र संजय सोनकर निवासी हरिहरपुर थाना चंदवक के साथ एक बाइक पर सवार होकर सामान लेने बाजार जा रहे थे। दरीबा के पास अचानक उनकी बाइक फिसल गई, जिससे तीनोंं को काफी चोट लग गई। पुलिस ने तीनों भाइयों को जिला चिकित्सालय भेजवाया। वहां डॉक्टरों ने आनंद सोनकर व श्याम बाबू की मौत होने की पुष्टि की व अमित सोनकर को गंभीर रूप से घायल बताया। अमित का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी सुरेंद्रनाथ सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आनंद घर का सबसे छोटा लड़का था। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मां अनीता देवी व परिवार के अन्य लोगों का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखेंं भी छलक पड़ीं।
30 जनवरी को हुई थी बहन की शादी
मकदूमपुर ताड़तला निवासी रामदास सोनकर के घर में खुशी के माहौल में उस समय गम छा गया जब आनंद व श्याम बाबू की मौत की सूचना घर पहुंची। रामदास की बेटी राजकुमारी उर्फ पुल्लु की शादी 30 जनवरी को हुई थी। रविवार दोपहर को बेटी की विदाई थी। इसी सिलसिले में कुछ सामान को लेने के लिए तीनों भाई बाजार जा रहे थे। रामदास सोनकर व उनके साढू संजय सोनकर छत्तीसगढ़ के रायपुर में रहकर अपना-अपना व्यवसाय करते हैं। 30 जनवरी को रामदास की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए संजय का परिवार भी आया था। पुत्र श्यामबाबू भी मौसेरी बहन की शादी में काफी कामधाम कर रहा था। क्या पता था कि अब श्यामबाबू व आनंद कभी वापस नहीं आएंगे। बहन की विदाई के कुछ घंटे पहले हुई इस घटना ने सभी को मर्माहत कर दिया। आनंद अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था।