जिले की तहसीलों में हर हफ्ते शनिवार को लगने वाला संपूर्ण समाधान दिवस केवल औपचारिकता बन कर रह गया है। समस्याओं के समाधान के नाम पर सिर्फ फाइलें खिसकाई जा रही हैं।
शनिवार को अमर उजाला की ओर से की गई पड़ताल में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें कोई फरियादी चार तो कोई 25 साल से अधिकारियों के हाथ-पांव जोड़ रहा है लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पाया। कहीं उच्चािधकारियों के स्तर पर तो कहीं निचले स्तर के कर्मचारियों की कारस्तानी से फरियादी तहसीलों के चक्कर लगाने को िववश हैं।
एडीएम की सख्ती, राजस्व कर्मचारियों को लगाई फटकार : केराकत संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील में जनता की शिकायतों का निस्तारण करने पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व अक्षयबर चौहान ने राजस्व कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्ती दिखाई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपदा रजिस्टर, सर्विस बुक, संग्रह अमीन, नजारत पटल आदि का मुआयना किया और विभिन्न विभागों में खामियों की पहचान की और कम वसूली पर नाराजगी जाहिर की।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार भारती, तहसीलदार महेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार हुसैन अहमद, नायब तहसीलदार अमित सरोज आिद उपस्थित रहे।