पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के बीएड प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने अगले सेमेस्टर में प्रोन्नत करने की मांग को लेकर विवि परिसर में हंगामा किया। परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंप कर छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया।
बीएड छात्र संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव, उपाध्यक्ष प्रशांत चौबे, महामंत्री सत्यम पांडेय, जिला संयोजक अमित यादव का कहना था कि कोविड-19 की वजह से बीएड प्रथम सेमेस्टर में पठन-पाठन का कार्य नहीं हो सका है। इससे छात्रों को लिखित परीक्षा देने में काफी समस्या होगी। छात्रों की समस्याओं को देखते हुए बीएड प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को प्रोन्नत किया जाना चाहिए। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने आश्वासन दिया कि परीक्षा विधि संगत तरीके से कराई जाएगी। परीक्षा दो विषय की होगी। आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए।