जौनपुर। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब काउंसिलिंग प्रक्रिया पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट घोषित न होने के कारण काउंसिलिंग का पूरा शेड्यूल फंस सकता है।
इस बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा कराया गया था, जिसने तय समय पर 16 जून को परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, जुलाई के पहले सप्ताह में काउंसिलिंग शुरू कराने की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन स्नातक के नतीजों में देरी इसमें बड़ी बाधा बन रही है।
प्रदेश के कई राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष की कॉपियों का मूल्यांकन अभी चल रहा है, तो कहीं यह अंतिम दौर में है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि 15 से 20 जुलाई से पहले अंतिम वर्ष के परिणाम घोषित होना संभव नहीं है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) से संबद्ध महाविद्यालयों के स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट भी जुलाई के दूसरे सप्ताह में घोषित होने की संभावना है। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया 20 जुलाई तक हर हाल में स्नातक अंतिम वर्ष के रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।
परिणाम जारी होने के बाद ही विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के छात्र बीएड काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। संवाद