जौनपुर। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल का चुनाव शुरू हो गया है। जनपद के दीवानी न्यायालय परिसर में 20 और 21 जनवरी को मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नई बिल्डिंग के मीटिंग हॉल में होगा। मतदाता संबंधित पहचान सीओपी एवं रजिस्ट्रेशन प्रपत्र के साथ मीटिंग हॉल में स्थित टेबल पर उपस्थित कर्मियों से पहचान सुनिश्चित कराएंगे। मीटिंग हाॅल में कुल सात टेबल लगाए गए हैं। 15 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की संख्या बढ़ने पर बूथ बढ़ाए जा सकते हैं। किसी भी मतदाता को अस्त्र-शस्त्र और मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ मतदान स्थल पर नहीं आना है। पीठासीन अधिकारी रणजीत कुमार व मुकीम अहमद ने इसकी सूचना जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव में कुल 25 प्रत्याशियों का चयन होना है। इन पदों के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें से पांच प्रत्याशी जनपद के हैं। जौनपुर में कुल 5734 मतदाता है। एक मतदाता 25 मत दे सकता है। पांच से कम मत नहीं देना है। जनपद के प्रत्याशियों में भूपेश चंद्रवंशी, क्षितिज प्रियदर्शी, सचिन कुमार यादव, समर बहादुर यादव, तुलसीराम यादव हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यहां इतने ज्यादा मतदाता होने के बावजूद कोई प्रत्याशी नहीं चुना जाता। इस बार जनपद के अधिवक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। इससे यहां का भी प्रतिनिधि चुना जाए जो प्रदेश में अधिवक्ताओं की समस्याओं व मांगों का निस्तारण करा सके। अधिवक्ताओं की प्रमुख मांग एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट है।