भारतीय स्टेट बैंक की मुंगराबादशाहपुर शाखा के स्थानांतरण के विरोध में व्यापारियों ने गुरुवार को कस्बे में जुलूस निकालकर नाराजगी व्यक्त की। जुलूस के साथ कस्बा भ्रमण करते हुए व्यापारियों ने बैंक परिसर में पहुंचकर सभा की। बैंक शाखा को यहां से स्थानांतरित नहीं करने की मांग को लेकर व्यापारियों ने एजीएम वाराणसी को संबोधित पत्रक प्रबंधक अभिषेक सिंह को दिया। प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि आप सब की बातें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्त के नेतृत्व में व्यापारी साहबगंज से जुलूस निकाल कर नईगंज, कटरा होते हुए बैंक शाखा पहुंचे। नारेबाजी करते हुए व्यापारियों ने बैंक शाखा स्थानांतरण आदेश को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कस्बे के अंदर बैंक सुरक्षित हैं। बैंक से कुछ ही दूरी पर थाना होने से भी बड़े व्यापारी सुरक्षित अपने पैसे बैंक में जमा कर देते हैं।
कस्बे से बाहर बैंक शाख को ले जाना उचित नहीं है। साथ ही व्यापारियों ने चेतवानी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर स्थानांतरण आदेश वापस नहीं लिया जाता तो व्यापारी दूकानें बंद कर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में अवधेश अग्रहरि, प्रभाकर गुप्त, राजेश कुमार गुप्त, आशु, दिलीप केशरी, शरद केशरी, बबलू जायसवाल, जितेंद्र गुप्ता, संतोष कुमार, तुलसी राम स्वर्णकार, राम किशन साहू, विक्की गुप्ता, मुन्ना सिंह सहित तमाम महिलाएं और उपभोक्ता शामिल थे।