अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी। संवाद
जौनपुर। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने सप्ताह में पांच दिन कार्य दिवस करने की मांग को लेकर सोमवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर हड़ताल की। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यालय यूनियन बैंक से कलेक्ट्रेट एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय तक मार्च निकाला गया। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से तकरीबन डेढ़ लाख करोड़ का लेन-देन प्रभावित रहा। मार्च के दौरान कर्मचारियों ने बैंकिंग व्यवस्था को अधिक कुशल, संतुलित और जनहितकारी बनाने की मांग की। बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ता कार्यभार, स्टाफ की कमी, निरंतर बढ़ता दबाव और मानसिक तनाव आज एक गंभीर समस्या बन चुका है। अन्य केंद्रीय एवं राज्य सेवाओं की तरह बैंक कर्मियों को भी पांच दिवसीय कार्यप्रणाली का लाभ मिलना चाहिए ताकि वे बेहतर संतुलन के साथ ग्राहकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण सेवा दे सकें। सरकार और प्रबंधन स्तर पर पूर्व में सहमति एवं आश्वासन देने के बावजूद अब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में असंतोष है। मजबूर होकर बैंक यूनियनों को यह आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ रहा है। इस हड़ताल को बैंक कर्मचारियों की स्वार्थपूर्ण कार्रवाई न समझें, बल्कि इसे एक स्वस्थ, मजबूत और जवाबदेह बैंकिंग प्रणाली की मांग के रूप में देखें और सहयोग करें। यदि शीघ्र ही पांच दिन कार्य दिवस पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन और सरकार की होगी। जिले में यूएफबीयू एवं यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ईस्टर्न यूपी के उपाध्यक्ष रामकृष्ण पांडेय, क्षेत्रीय सचिव चंद्रभान सिंह व समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।