ओलंदगंज में पैसे निकालने के लिए एटीएम पर लगी भीड़।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। लगन के मौसम में हर किसी को पैसे की जरूरत है। ऐसे में तीन दिन के लिए बैंकों की बंदी और अधिकांश एटीएम खाली होने से लोगों को परेशानी हो रही है। कई एटीएम का चक्कर काटने के बाद पैसे मिल रहे हैं।
शहर में स्टेट बैंक, यूबीआई, पंजाब नेशनल, ऐक्सिस आदि बैंकों के 30 एटीएम हैं। इसमें से कुछ एटीएम खराब हैं और कइयों में पैसा समाप्त हो जा रहा है। रविवार को डा.विनोद सिंह की गली के पास स्थित यूबीआई का एटीएम खराब था। वहीं रूहट्टा में स्थित बैंक आफ बड़ौदा सहित मियांपुर तिराहा, जेसिज, आंबेडकर तिराहा स्थित यूबीआई, गोमती होटल के पास स्थित ऐक्सिस व आंबेडकर तिराहा स्थित स्टेट बैंक सहित अन्य स्थानों पर लगे एटीएम में पैसे नहीं थे। ग्रामीण इलाकों के भी एटीएम का हाल तो और भी खराब है। अधिकांश एटीएम बैंक परिसर में लगे हैं, जो बैंक के नहीं खुलने पर बंद ही रहते हैं। लगन के कारण हर किसी को पैसे की आवश्यकता है। ऐसे में जहां एटीएम काम कर रहे हैं, वहां लंबी कतार लग जा रही है।
बैंक तीन दिन के लिए बंद हैं। इसके खुलने के बाद ही एटीएम में पैसा डाला जाएगा। ऐसे में लोग बैकों के बैंक मित्र से लोग अपने आधार से पैसा निकाल सकते हैं। जिले में 834 वक्रांगी केंद्र हैं, जहां से लोग पैसा निकाल सकते हैं। आनलाइन लेनदेन की भी सुविधा उपलब्ध है। - उदयनारायण, जिला अग्रणी प्रबंधक