थानागद्दी। कृषक इंटर कालेज के मैदान पर चल रही स्व.आशीष सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बागपत ने मेरठ को एकतरफा मुकाबले में पराजित करके आशीष सिंह ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
सोमवार को दो पाली में खेले गए फाइनल मैच की पहली पारी में बागपत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ ने 18.1 ओवर में 101 रन पर आल आउट हो गई। बागपत के गेंदबाज सचिन चौधरी ने तीन विकेट झटका जबकि सौरभ व इरशाद ने क्रमशः दो-दो विकेट लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बागपत की टीम के प्रदीप ने 47 रन व सौरभ के 12 रन की बदौलत आठ विकेट के पतन पर 122 रन बना लिए। मेरठ के गेंदबाज इदरीश व सौरभ ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। इस तरह पहली पारी में बागपत को 21 रन की बढ़त मिल गई। दूसरी पारी में मेरठ ने नौ विकेट गवांकर 154 रन बना लिए। अक्षित मलिक 46 हनी 37 और शिवा ने 12 रन मेरठ के लिए बनाए। बागपत के गेंदबाज इदरीश दूसरी पारी में भी तीन विकेट लिए। नमन ने भी तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। सचिन चौधरी को दो विकेट मिले।
बागपत को जीत के लिए 133 रन का लक्ष्य मिला। कुणाल की धमाकेदार नाबाद 76 रन की पारी और अली मलिक की नाबाद 35 रन पारी के सहारे बागपत ने केवल एक विकेट खोकर जीत के लिए आवश्यक रन बना लिया। मेरठ पर नौ विकेट की जीत के साथ ही बागपत ने 29 वीं आशीष सिंह मेमोरियल ट्रॉफी को जीत लिया।
विजेता टीम को ट्रॉफी सहित 25 हजार व उपविजेता को ट्रॉफी सहित 15 हजार नकद पुरस्कार पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने दिया। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बागपत के कुणाल को एसकेएस ईंट उद्योग के निदेशक संजय कुमार सिंह ने एलईडी टीवी प्रदान किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने पुरस्कार वितरण किया। साहबलाल यादव और मिथिलेश अंपायर रहे। इस मौके पर प्रवीण सिंह, आरडी चौधरी, राजबबहदुर सिंह, गौतम मिश्र गोलू, अमित सिंह, अशोक सिंह, सोमारू शुक्ल आदि उपस्थित रहे । आभार आयोजक सारनाथ सिंह ने जताया।