महराजगंज। यूपी में सियासी हलचलों के बीच बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन से बड़ा कोई भी नहीं है। उसी की वजह से वह आज विधायक हैं। वर्ष 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए। मिश्रा ने लोकसभा चुनाव में हार से लेकर उसके अहम कारणों की जानकारी दी। बताया,‘दिक्कत क्या है...अबकी बार जब आम चुनाव आया तब विपक्ष के पास मुद्दा नहीं था। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र बचाने की बात की। पीडीए का नारा भी दिया और उसे जमीन तक पहुंचाया। यूपी में भाजपा की हार से कहीं न कहीं पार्टी के कार्यकर्ता आहत हुए हैं। विधायक ने कहा कि सबसे बड़ा कारण यह रहा कि सपा ने निचले स्तर तक भ्रम की स्थिति फैला दी।
लगाया आरोप- बदलापुर में 6200 वोट काटे
विधायक ने निचले स्तर पर बीएलओ पर वोट काटने का आरोप लगाया। कहा कि मेरी विधानसभा बदलापुर में 6200 वोट कट गया। बदलापुर से बीजेपी विधायक ने यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर भी टिप्पणी की जिसकी वजह से यूपी में खलबली मच गई थी। वह बोले, संगठन तो बड़ा है, इसमें कोई दो राय नहीं है। संगठन ने मुझे टिकट दिया है तभी तो मैं विधायक बना। यानि सरकार में मैं बाद में आया, पहले तो मुझे संगठन ने चुना। संगठन बड़ा है। बूथ अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष आदि बड़े हैं। सरकार तो बाद में है।