संचारी रोग नियंत्रण जागरुकता अभियान मंगलवार को जिला टीवी चिकित्सालय परिसर से शुरू हुआ। जन जागरूकता रैली को विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संचारी अभियान के दौरान सभी विभागों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित कर साफ सफाई स्वच्छता शुद्ध पेयजल, मच्छर एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के नियंत्रण के लिए गतिविधियां चलाई जाएगी। इसके साथ ही आम जनमानस में बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान 3 से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसी बीच 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। दस्तक अभियान में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग से आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ती टीम बनाकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे तथा बीमारियों से बचाव के उपाय बताएंगी। बुखार के रोगियों, मलेरिया के रोगियों, आईएलआई के लक्षण युक्त रोगियों, क्षय रोग के लक्षण के व्यक्तियों, कुष्ठ रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, कालाजार तथा फाइलेरिया रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगे। इस मौके पर सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव यादव, डॉ. राकेश कुमार सिंह , डीएमओ डॉ. बीपी सिंह जिला मलेरिया अधिकारी मौजूद रहे।