जौनपुर। यूपीएससी की तैयारी में सही रणनीति, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। केवल घंटों पढ़ाई करने से सफलता नहीं मिलती, बल्कि पढ़ाई की सही दिशा और निरंतर मेहनत भी आवश्यक है। यह बातें शुक्रवार को प्रेक्षागृह, जिला पंचायत में आयोजित ‘ज्ञान संवाद’ कार्यक्रम में प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा ने कहीं। राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अवध ओझा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। उन्होंने पाठ्यक्रम की समझ, अध्ययन सामग्री के चयन, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन और समसामयिक घटनाओं के अध्ययन के बारे में विस्तार से बताया। प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार परीक्षा की तैयारी के लिए भी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि असफलता को अपनी क्षमता का अंतिम प्रमाण नहीं मानना चाहिए। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि जौनपुर की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध रही है। यहां के युवाओं में देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं में स्थान पाने की क्षमता है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी नौजवान सभा का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विषयों पर अनुभवी लोगों से संवाद का अवसर देना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अवध ओझा से तैयारी से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने उनके सवालों के जवाब देकर मार्गदर्शन किया। इस मौके पर चंद्रमौली चौधरी, नमन जैन, कनिष्क शेखर और अमित ऋषि पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।